बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में एक पुलिस पदाधिकारी ने एक महिला के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ में एक पुलिस पदाधिकारी ने एक महिला के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना में बाबूबरही थाना में पदस्थापित एक ASI पर गंभीर आरोप लगे हैं। बलिराजगढ़ के समीप एक पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसी दौरान उक्त ASI का आसपास के गांव की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात सामने आई।
रात में महिला के घर पहुंचा था एएसआई
बताया जा रहा है कि बीती रात ASI महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों और पुलिस पदाधिकारी के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि ग्रामीणों से घिरने के बाद ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल से लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में अशोक यादव समेत चार ग्रामीण गोली लगने से घायल हो गए।
इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत, मौके पर पहुंचे एसएससी
घटना के बाद आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी SSP योगेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह को निलंबित की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया है।
सरकारी पिस्टल से फायरिंग पर उठे सवाल
एसएसपी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने पुलिस महकमे में भी हलचल पैदा कर दी है। एक पुलिस पदाधिकारी पर लगे गंभीर आरोप और उसकी सर्विस पिस्टल से हुई गोलीबारी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सबकी निगाहें आरोपी ASI की गिरफ्तारी और जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं। #shooting #police #Madhubani #news #Bihar #crime #investigation


